
विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण के हस्तक्षेप से कोटद्वार क्षेत्र के व्यावसायिक वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिली है। गढ़वाल जीप टैक्सी समिति सहित विभिन्न संगठनों द्वारा लंबे समय से यह मांग उठाई जा रही थी कि कोटद्वार एआरटीओ कार्यालय में पंजीकृत वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर ही की जाए।
समिति द्वारा अवगत कराया गया था कि वर्तमान व्यवस्था के तहत वाहनों को फिटनेस के लिए हरिद्वार एवं ऋषिकेश स्थित (Automated Testing Station),(ATS) केंद्रों पर भेजा जा रहा था,जिससे वाहन चालकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ,अतिरिक्त ईंधन व्यय एवं समय की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।पर्वतीय एवं सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यह समस्या कोटद्वार क्षेत्र में और अधिक गंभीर थी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस जनसमस्या का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया,जिसके परिणामस्वरूप संक्रमण अवधि के दौरान कोटद्वार एआरटीओ कार्यालय में ही वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की गई है। इस निर्णय से स्थानीय टैक्सी चालकों,जीप संचालकों एवं वाहन स्वामियों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
श्रीमती खण्डूडी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वाहन फिटनेस को लेकर(Automated Testing System) लागू किया जा रहा है,जो एक आवश्यक और भविष्य उन्मुख सुधार है,लेकिन जब तक यह व्यवस्था पूरी तरह सुलभ और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं हो जाती,तब तक जनसामान्य को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो,यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोटद्वार एवं पौड़ी गढ़वाल जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के साथ निरंतर संवाद किया जा रहा है, ताकि भविष्य में (ATS) की व्यवस्था भी स्थानीय स्तर पर ही सुदृढ़ रूप से उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर गढ़वाल जीप टैक्सी समिति एवं अन्य संगठनों द्वारा अपनी विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण का आभार व्यक्त किया गया।आभार प्रकट करने वालों में अमरदीप सिंह रावत(अध्यक्ष,गढ़वाल जीप टैक्सी समिति),जगमोहन सिंह नेगी,दीन मोहम्मद(कोषाध्यक्ष),जगदीश चौधरी(अध्यक्ष,ई-रिक्शा यूनियन),रमेश बड़थ्वाल(उपाध्यक्ष),विजयपाल चौधरी,मनोज पटवाल सहित अन्य वाहन चालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















