Uttarakhand:-राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में आयोजित ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखण्ड 2026’ के सम्मान समारोह में विजेता टीमों को किया सम्मानित

0
5

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि)ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखण्ड 2026’ के सम्मान समारोह में विजेता टीमों को सम्मानित किया। चिकित्सा स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य खाद्य प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए युवाओं के नवाचारी विचारों एवं समाधानों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का आयोजन (GAIN Global, Nutrition Connect,GAIN India) तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग,उत्तराखण्ड के सहयोग से किया गया।

  • युवा नवाचार से सशक्त होगी स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य प्रणाली-राज्यपाल।
  • ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखण्ड 2026’ के विजेताओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे उभरते राज्य में युवा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन’ युवाओं की रचनात्मक एवं नवाचारी क्षमता को समाज के हित में उपयोग करने की एक प्रभावी पहल है।

राज्यपाल ने कहा कि ईट राइट यूथ हैकाथॉन की शुरुआत करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्वस्थ,सुरक्षित एवं सतत खाद्य प्रणाली के निर्माण के लिए युवाओं को सशक्त बनाने में प्रेरक की भूमिका निभाते हैं तथा इन्हें निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में स्वस्थ नागरिक सबसे बड़ी पूंजी हैं। इसके लिए पौष्टिक भोजन,खाद्य सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने में युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने नवाचारों को समाज तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहारिक रूप देने का आह्वान किया।

ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखण्ड 2026 में राज्यभर से 387 टीमों ने भाग लिया। तीन चरणों में आयोजित प्रतियोगिता के बाद छह टीमों के नवाचारी विचारों को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। विजेताओं में प्रथम स्थान पर एसजीआआर पीजी कॉलेज देहरादून की हिमसाथी इनोवेटर्स टीम,द्वितीय स्थान पर क्वांटम विश्वविद्यालय रुड़की की सीड बिट्स टीम,तृतीय स्थान पर वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय भरसार की एकोर्न इनोवेटर्स की टीम रही। डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून की मैत्री पोषण टीम,गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी की फूडिक्टिव टीम एवं गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ नर्सिंग सुरसिंगधार नई टिहरी की स्वास्थ्य हैकर्स टीम को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि हैकाथॉन में राज्य के विश्वविद्यालयों,महाविद्यालयों,तकनीकी एवं चिकित्सा शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न संस्थानों के 1,600 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि उत्तराखण्ड का युवा स्वस्थ,सुरक्षित एवं टिकाऊ खाद्य प्रणाली के निर्माण के प्रति गंभीर और प्रतिबद्ध है।

GAIN की Head–Programs & Policy डॉ.सुप्रीत कौर ने बताया कि ईट राइट यूथ हैकाथॉन एक नवाचार आधारित अभियान है,जिसका उद्देश्य युवाओं को Eat Right India Movement से जोड़ते हुए उनमें संतुलित एवं सुरक्षित खान-पान के प्रति जागरूकता विकसित करना है। (Nutrition Connect )की ग्लोबल मैनेजर सुश्री देवजानी समांत्रे ने अपने स्वागत संबोधन में हैकाथॉन की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी संस्था इस प्रकार की पहल विश्व के नौ देशों में सफलतापूर्वक संचालित कर चुकी है।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर,अपर सचिव रोहित मीणा सहित राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति,महाविद्यालयों के प्राचार्य,शिक्षाविद, खाद्य एवं पोषण विशेषज्ञ तथा उत्तराखण्ड शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here