
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जालंधर पंजाब से वर्चुअल माध्यम से ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत देशभर में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि)एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उन 75 स्टेशनों में शामिल है,जिन्हें ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत नए स्वरूप में विकसित कर राष्ट्र को समर्पित किया गया है।
- 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का उद्घाटन।
- रेलवे अवसंरचना के विकास से पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई गति:राज्यपाल।
- अमृत भारत स्टेशन योजना से यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएँ।
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- विकसित भारत के संकल्प को नई गति देंगे आधुनिक रेलवे स्टेशन
- लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन यात्रियों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधाएं
- ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री
- उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना के लिए रिकॉर्ड रेल बजट और बड़ी परियोजनाओं का मिल रहा लाभ
- हर्रावाला रेलवे स्टेशन दून घाटी की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का बना उत्कृष्ट संगम

हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन की वास्तुशिल्पीय थीम दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। इसका आकर्षक घुमावदार छत हिमालयी पर्वतमाला की छवि को दर्शाता है,जबकि स्टेशन परिसर में उत्तराखण्ड की पारंपरिक ऐपण कला के प्रदर्शन के लिए भी विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया है।
स्टेशन पर यात्रियों के लिए अनेक विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध हैं। आकर्षक अग्रभाग (फसाड)वाला आधुनिक स्टेशन भवन,सुव्यवस्थित प्रवेश प्लाजा,एक्जीक्यूटिव लाउंज तथा आरामदायक प्रतीक्षालय,दिव्यांगजन-अनुकूल अवसंरचना,सुलभ शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। स्टेशन में उन्नत पेयजल सुविधा,बैठने की व्यवस्था और यात्री सूचना सुविधाएँ शामिल हैं।
लोकार्पण के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया जाना भारत की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे अवसंरचना उत्तराखण्ड में पर्यटन,व्यापार,कृषि,स्थानीय उत्पादों,निवेश और रोजगार के अवसरों को नई गति प्रदान करेगी। हर्रावाला रेलवे स्टेशन देहरादून आने वाले पर्यटकों,तीर्थयात्रियों,विद्यार्थियों,सैनिक परिवारों तथा देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखण्ड का एक आधुनिक और आकर्षक प्रवेश-द्वार सिद्ध होगा।
राज्यपाल ने इस उपलब्धि के लिए रेल मंत्रालय,रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव,रेलवे बोर्ड के अधिकारियों,अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके समर्पण और परिश्रम से यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी है।
इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत हुई निबंध,वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को सम्मानित किया।
विकसित भारत के संकल्प को नई गति देंगे आधुनिक रेलवे स्टेशन-सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करता है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया है, जबकि अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं यात्रा को अधिक सुरक्षित,सुगम और आरामदायक बनाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण,सुरक्षा,गति और तकनीकी दक्षता में निरंतर वृद्धि हुई है तथा वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक,स्वदेशी ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनकर उभरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। यह परियोजना राज्य के सामाजिक,आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस वर्ष उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट प्रदान किया गया है तथा प्रदेश में लगभग 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड के प्रति विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा तथा विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तराखण्ड के ‘विकल्प रहित संकल्प’ को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत,माला राज्यलक्ष्मी शाह,राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,डॉ.कल्पना सैनी,विधायक बृजभूषण एवं डीआरएम विनीता श्रीवास्तव सहित रेलवे के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

















