Kotdwar:-सेवा संकल्प अभियान के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया प्रतिभाग,छात्र-छात्राओं से किया आत्मीय संवाद

विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरूवार को कोटद्वार स्थित डॉ.पी.द.ब.ही.राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता,भाषण प्रतियोगिता,संगोष्ठी प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा,रचनात्मकता एवं विचारों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनके विचारों,अनुभवों एवं आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास,आत्मविश्वास,रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा,सकारात्मक सोच,नवाचार एवं समाज के प्रति प्रतिबद्धता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.डी.के.शर्मा,कार्यक्रम संयोजक प्रो.अरविंद अग्रवाल,डॉ.विनोद सिंह,डॉ.नितेश सिंह,डॉ.बी.पी.(मुख्य शास्ता)एवं डॉ.निरंजन शर्मा (वरिष्ठ प्राध्यापक) सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण,कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।