Uttarakhand:-पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम धामी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि,प्रदेश में शोक की लहर

0
2

पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका मंगलवार को देहरादून के मैक्स अस्पताल निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।

  • बसंत विहार स्थित निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने खण्डूरी परिवार को दी सांत्वना।
  • उत्तराखंड ने खोया एक अनुशासित सैनिक,कुशल प्रशासक और जनप्रिय नेता: मुख्यमंत्री धामी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित बसंत विहार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री श्री धामी सीधे स्वर्गीय श्री खण्डूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूरी का जीवन अनुशासन,राष्ट्रसेवा,ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास,सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय श्री खण्डूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए,जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री खण्डूरी की पुत्री विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि,वरिष्ठ अधिकारी,सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

20 मई को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न होगी अंतेष्टि

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतेष्टि 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न होगी,इस अवसर पर बुधवार को राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन के कारण,प्रदेश में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है, इस दौरान समस्त सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। साथ ही कोई शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here