Dehradun:-गंगधारा-3.0 का आयोजन होगा 21 नवंबर को,युवा विचारों,नवाचार और मजबूत भारत की संकल्पना पर होगा मंथन

देवभूमि विकास संस्थान की बैठक में सर्वसम्मति से ‘गंगधारा-3.0’ के आयोजन की तिथि 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई। कार्यक्रम का संभावित आयोजन स्थल स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी,जॉलीग्रांट रहेगा।

युवा सोच से मजबूत भारत की दिशा तक:-त्रिवेंद्र

संस्थान के संरक्षक एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। एक दिवसीय इस आयोजन में तीन सत्र होंगे,जिनमें युवा सोच,नवाचार,राष्ट्र निर्माण और मजबूत भारत जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। संभावित वक्ताओं में सांसद बांसुरी स्वराज,ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला,केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो.के.के.पंत सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गंगधारा-3.0 का विषय Gen-Z की सोच और आकांक्षाओं पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि देहरादून,हरिद्वार और रुड़की के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से लगभग 500 छात्र-छात्राएं इसमें सहभागी होंगे। ‘आज का युवा क्या चाहता है’ और मजबूत भारत को लेकर युवाओं की कल्पनाओं,अपेक्षाओं एवं विचारों को मंच प्रदान किया जाएगा और युवाओं के विषयों को समझने के लिए गंग धारा 3.0 के आयोजन से पूर्व ‘प्री-सेशंस’ भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में कृषि,नवाचार एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही युवाओं को संस्थान की सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए वॉलंटियर नेटवर्क विकसित करने पर भी सहमति बनी। ये युवा आगे वृक्षारोपण,रक्तदान,स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।

संस्थान के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गंगधारा-3.0 का मूल उद्देश्य युवा पीढ़ी की सोच को सुनना,उनकी आकांक्षाओं को समझना और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके दृष्टिकोण को व्यापक मंच प्रदान करना है। युवाओं के विचारों और कल्पनाओं को समझकर उन्हें सकारात्मक सामाजिक पहलों से जोड़ना ही इस आयोजन की सार्थकता होगी।

गंगधारा के प्रथम एवं द्वितीय संस्करण भी देहरादून में आयोजित किए गए थे,जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों के विचारों और संवाद के प्रभावी मंच के रूप में सराहा गया। इसी वैचारिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए गंगधारा-3.0 को युवा संवाद, नवाचार और सामाजिक सहभागिता का व्यापक मंच बनाने की दिशा में तैयारी की जा रही है।

बैठक में सुश्री कीर्ति रावत,प्रो.एच.सी.पुरोहित,सतेंद्र सिंह,दर्शन सिंह रावत,उमेश्वर सिंह रावत,डॉ.दीपक भट्ट,डॉ.राजेश भट्ट सहित संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।