Uttarakhand:-लोक भवन में आयोजित हुई लघु फिल्म ‘मिस्टी’ की विशेष स्क्रीनिंग,राज्यपाल गुरमीत सिंह ने की सराहना

0
40

लोक भवन में शनिवार को लघु फिल्म ‘मिस्टी’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि)मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े कलाकारों,निर्माताओं,बुद्धिजीवियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

‘मिस्टी’ एक भावप्रधान लघु फिल्म है,जो उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता,सांस्कृतिक जीवन के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं पर केंद्रित है। धुंध(मिस्टी)के प्रतीक के माध्यम से फिल्म की रहस्यमयता और आंतरिक शांति के भाव को उभारती है,जो दर्शकों को एक अलग अनुभव प्रदान करती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ‘मिस्टी’ उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक संवेदनाओं का सजीव एवं प्रभावशाली चित्रण प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे पर राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि को देखना गौरव और आत्मीयता का अनुभव कराता है।

राज्यपाल ने फिल्म के मुख्य अभिनेता सतीश शर्मा,निर्देशक राजा चटर्जी तथा निर्माता साक्षी शैल चटर्जी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक उत्कृष्ट कृति के माध्यम से‘देवभूमि’ उत्तराखण्ड की सुंदरता को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है,बल्कि राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयास पर्यटन को बढ़ावा देने,स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राज्यपाल ने फिल्म ‘मिस्टी’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह फिल्म व्यापक स्तर पर सराही जाएगी और दर्शकों के मन को स्पर्श करेगी। इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर,उपेंद्र शर्मा सहित फिल्म से जुड़े कलाकारों,बुद्धिजीवियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।