Kotdwar:-कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पहुंचे कोटद्वार,”सुवेनियर शॉप्स एंड स्टडी सेंटर” का किया उद्घाटन

0
38

विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने स्वास्थ्य,वन एवं पर्यावरण मंत्री उत्तराखंड सरकार सुबोध उनियाल के कोटद्वार-पाखरौ आगमन पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने संयुक्त रूप से “Souvenir Shops & Study Centre” का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों,वन विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष कोटद्वार क्षेत्र से जुड़ी वन विभाग संबंधी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार का वन क्षेत्र पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके समुचित विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने विशेष रूप से कोटद्वार से जंगल सफारी को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जंगल सफारी शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा,स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा कोटद्वार की पहचान एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगी।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार वन संरक्षण एवं पर्यटन विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए जनहित में आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंत्री सुबोध उनियाल का कोटद्वार आगमन पर आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र के विकास हेतु उनके सहयोग की अपेक्षा जताई।

बेस हॉस्पिटल का किया औचक निरीक्षण,स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर दिया जोर

विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल के साथ राजकीय बेस हॉस्पिटल,कोटद्वार का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था,चिकित्सकों की तैनाती,मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए अस्पताल में अतिरिक्त वार्ड बॉय की तैनाती,एक्स-रे मशीन की उपलब्धता तथा आईसीयू सेंटर को पूर्ण रूप से संचालित किए जाने का विषय प्रमुखता से मंत्री के समक्ष रखा।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल की आवश्यकताओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा कोटद्वार की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।